(DEEPAK KUMAR)
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की तैयारियां जोरों पर है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में जगह-जगह आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर शहर का माहौल भक्तिमय हो गया है। हर कोई श्रीकृष्ण भक्ति के रंग में रंगा दिखने लगा है।
मंदिरों के अलावा स्कूली बच्चों में श्रीकृष्ण लीला का रंग चढ़ा हुआ है। हर कोई कान्हा के प्रति भक्ति दिखा रहा है। 26 अगस्त को मंदिरों में श्री कृष्ण जन्मोत्सव मनाने के लिए तैयारी जोरशोर से चल रही हैं। मंदिर में कान्हा को पालना में झूलाने के लिए सजावट की जा रही है, जिसके चलते शहर के विभिन्न मंदिरों को दुल्हन की तरह सजाए जा रहे हैं।
फूलों, रंग-बिरंगी झालरों एवं लाइटें आकर्षण का केंद्र बन रही है। शहर के विभिन्न हिस्सों में चल रहे कृष्ण महोत्सव के तहत कीर्तन हो रहे हैं और आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मंदिरों में श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं और प्रभु की लीलाओं का सजीव प्रदर्शन किया जाएगा। मंदिर में सजावट के अलावा श्रीकृष्ण भगवान की विभिन्न प्रकार की मनमोहक झांकियां आकर्षण का केंद्र होंगी।
दुकानों में लड्डू गोपाल के छोटे-छोटे चमकीले वस्त्रों, बांसुरी के साथ सजावट का सामान सज चुका है। लोग भी खरीदारी के लिए निकल रहे हैं। घरों में बने मंदिरों को सजाने के लिए फूलों की रेडीमेड लड़ियों की मांग ज्यादा है। बाजार में पीतल के लड्डू गोपाल 130 से 700 रुपये तक में उपलब्ध हैं।
रंग-बिरंगे झूले ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। कान्हा के शृंगार के लिए भक्ता माला, पगड़ी, बांसुरी आदि सामान खरीद रहे हैं। बाजार में सामान्य साइज की माला 10 रुपये से लेकर 200 रुपये की मिल रही है। वहीं बड़ी साइज की माला 300 रुपये से 500 रुपये तक उपलब्ध है। इसी तरह मुकुट भी 10 रुपये से लेकर 500 रुपये के बाजार में मौजूद हैं। बांसुरी भी 10 रुपये से लेकर 100 रुपये तक बाजार में उपलब्ध है।








Leave a Reply