Breaking News

नीट पेपर लीक मामले में CBI का बड़ा एक्शन, हजारीबाग से दो आरोपी को गिरफ्तार कर पटना लाई

पटना: नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है. सीबीआई नीट पेपर लीक के आरोपी को हजारीबाग से गिरफ्तार कर पटना ले आई. हजारीबाग के ओएसिस स्कूल के प्रिंसिपल एहसान उल हक और वाइस प्रिंसिपल इम्तियाज आलम को गिरफ्तार किया गया है. एहसान उल हक एनटीए के सिटी कोऑर्डिनेटर और वाइस प्रिंसिपल इम्तियाज इस स्कूल के सेंटर कोऑर्डिनेटर थे. सीबीआई की टीम दोनों को लेकर पटना पहुंच गई है.

नीट-यूजी पेपर लीक मामले में सीबीआई ने स्कूल प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल सहित एक दर्जन लोगों से पिछले चार दिनों तक लंबी पूछताछ की. हजारीबाग में दो पत्रकारों मो. सलाउद्दीन और जमालुद्दीन को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. एनटीए के सिटी को-ऑर्डिनेटर और स्कूल प्रिंसिपल एहसान उल हक से इन दोनों की फोन पर लगातार कई बार और लंबी बातें हुई हैं. कॉल रिकॉर्ड की वजह से दोनों संदेह के घेरे में आए. बाद में सीबीआई टीम स्कूल प्रिंसिपल, वाइस प्रिंसिपल और पत्रकार को लेकर पटना आ गया है

इसके पहले पेपर लीक मामले की जांच कर रही बिहार पुलिस की ईओयू (आर्थिक अपराध इकाई) टीम ने पटना के रामकृष्ण नगर क्षेत्र से अधजला प्रश्न पत्र बरामद किया था. इस प्रश्न पत्र के सीरियल नंबर की जांच से पता चला कि यह हजारीबाग के मंडई रोड में ओएसिस स्कूल स्थित एग्जाम सेंटर का है. इसी आधार पर सीबीआई ने पिछले चार दिनों के दौरान स्कूल के प्रिंसिपल एहसान उल हक और वाइस प्रिंसिपल मो. इम्तियाज सहित हजारीबाग में एक दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.