पटना. पटना जिला क्रिकेट संघ संचालन समिति की ओर से आयोजित पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग का फाइनल मुकाबला बारिश के कारण पूरा नहीं खेला जा सका. इस वजह वाईएमसीसी और आरबीएनवाईएसी को संयुक्त विजेता घोषित किया गया.
इस मौके पर बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव जिया उल आरफीन ने पटना जिला सीनियर व जूनियर क्रिकेट लीग के सफल संचालन के लिए बधाई दी. विशेष रूप से इस वर्ष वीमेंस क्रिकेट लीग करा कर नया इतिहास के लिए भी बधाई दी. पटना जिला क्रिकेट संघ संचालन समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार ने लीग के बारे में पूरे विस्तार से बताया और कहा कि सारे मैच टर्फ विकेट पर कराये गए. सारे मैचों का संचालन बिना बाधा के हुआ इसके लिए लीग संचालन समिति के सारे सदस्य, अंपायर व स्कोरर धन्यवाद के पात्र हैं. उन्होंने कहा कि अगले वर्ष और बेहतर तरीके से और नये तेवर के साथ कराने का प्रयास किया जायेगा.
पटना जिला क्रिकेट संघ संचालन समिति के सदस्य रहबर आबदीन ने खिलाड़ियों व क्लब के पदाधिकारियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि आप सबों ने संचालन समिति पर विश्वास जताया इसके लिए हम सभी शुक्रगुजार हैं। आप किसी के बहकावे नहीं आये. उन्होंने कहा कि अगले वर्ष पटना जिला सीनियर व जूनियर क्रिकेट लीग का संचालन तो बेहतर तरीके से होगा ही, महिला क्रिकेट के विकास पर संघ का ज्यादा ध्यान रहेगा। वीमेंस क्रिकेट लीग को वृहत तरीके से कराया जायेगा.
मैच में टॉस आरबीएनवाईएसी ने जीता और वाईएमसीसी को बैटिंग का न्योता दिया. वाईएमसीसी की सलामी जोड़ी ने बेहतर शुरुआत की और 172 रन की साझेदारी की. अमित कुमार 60 रन बना कर आउट हुए. बारिश के कारण जब खेल रोका गया उस समय स्कोर 31 ओवर में 1 विकेट पर 194 रन था. आशीष कुमार नाबाद 110 रन बना कर खेल रहे थे जबकि 9 रन बना कर विराट पांडेय उनका साथ दे रहे थे. इसके बाद आगे का खेल शुरू नहीं हो सका और दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित करने का निर्णय लिया गया















Leave a Reply