Breaking News

गर्मी के निशाने पर देश के ये 3 बड़े शहर, 12 साल में हजारों लोगों को लील गई हीट वेव

हर व्‍यक्ति जिंदगी को सुख-सुविधाओं से जीने के लिए देश के बड़े शहरों में रहना चाहता है लेकिन यही बड़े शहर अब लोगों के लिए जानलेवा हो रहे हैं. भारत के कई बड़े शहर गर्मी के निशाने पर हैं और यही वजह है कि पिछले 12 सालों में इन शहरों में हजारों लोगों की जान हीट वेव यानि भीषण लू और गर्मी की वजह से चली गई है. हाल ही में इनवायरनमेंटल इंटरनेशनल जर्नल 2024 में छपी ये मल्‍टी सेंटर स्‍टडी आपकी आंखें खोलने के लिए काफी है.

देश के 10 बड़े या मेट्रो शहरों दिल्‍ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्‍नई, अहमदाबाद, हैदराबाद, बंगलुरू, पुणे, शिमला, वाराणसी के आंकड़ों को इकठ्ठा कर हुई स्‍टडी बताती है कि साल 2008 से लेकर 2019 तक इन शहरों में हर साल करीब 1116 लोगों की मौत भीषण हीट वेव की चपेट में आने से हुई है.

स्‍टडी बताती है कि एक दिन में बहुत ज्‍यादा तापमान की वजह से 12.2 फीसदी रोजाना मृत्‍यु दर बढ़ी है. जबकि अगर दो दिन तक लगातार हीट वेव बनी रही है तो यह प्रतिशत 14.7 फीसदी, तीन दिन लगातार हाई टेंपरेचर रहने पर मृत्‍यु दर 17.8 फीसदी और लगातार 5 दिन तक इतना ही गर्म मौसम रहने पर मृत्‍यु दर में 19.4 फीसदी की बढ़ोत्‍तरी देखी गई है.

ये शहर हैं गर्मी के निशाने पर..
स्‍टडी के अनुसार 10 शहरों में से छह शहरों में चिलचिलाती गर्मी की वजह से मौतों का प्रतिशत ज्‍यादा रहा है. इनमें दिल्‍ली, अहमदाबाद, कोलकाता, हैदराबाद, चेन्‍नई और वाराणसी शामिल हैं. जबकि टॉप थ्री शहरों में दिल्‍ली, अहमदाबाद और चेन्‍नई हैं, जहां आसमान से बरसती आग ने हजारों जानें लील लीं.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.