नई दिल्ली. तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के सांसद किंजरापु राममोहन नायडू ने गुरुवार को नागर विमानन मंत्री का कार्यभार संभाल लिया. नायडू ने रविवार को कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली थी. तीन बार के सांसद 36 वर्षीय नायडू प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाले मंत्रिमंडल में सबसे कम उम्र के कैबिनेट मंत्री हैं. वह नागर विमानन मंत्रालय में ज्योतिरादित्य सिंधिया की जगह ले रहे हैं. सिंधिया को मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में संचार मंत्री बनाया गया है.
नायडू ने अपना पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि ‘उड़ान में सुगमता’ के लिए काम करना उनकी सबसे अहम प्राथमिकताओं में से एक होगा. उन्होंने कहा, ‘‘हम हवाई यात्रा को देश के आम आदमी के लिए अधिक सुलभ और अधिक आसान बनाएंगे. मैं ‘उड़ान में सुगमता’ शब्द पर जोर दे रहा हूं, चाहे वह आराम या सुविधा या सुरक्षा के संदर्भ में हो. हम आज जो भी योजना या विचार प्रक्रिया से गुजर रहे हैं, उसमें इसे केंद्र बना देंगे.’’
उन्होंने यह भी कहा कि वह मंत्रालय के लिए 100-दिवसीय कार्ययोजना तैयार करना चाहेंगे, जो प्रधानमंत्री मोदी का एक ‘बेहतरीन सुझाव’ है. हवाई टिकटों की ऊंची कीमतों से जुड़े एक सवाल पर मंत्री ने कहा, ‘‘मैं समीक्षा बैठकें करने जा रहा हूं. निश्चित रूप से मेरा इरादा इन कीमतों को कम करना होगा क्योंकि यह आम आदमी के लिए एक चुनौती है. हमारा इरादा हवाई यात्रा को आम आदमी तक पहुंचाना है.’’
















Leave a Reply