सेना के जवान के साथ मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।
भोजपुर में एसएसबी जवान व उसकी मां की पुलिसकर्मियों द्वारा की गई पिटाई मामले पर एसपी प्रमोद कुमार ने गुरुवार को एक्शन लिया। एसपी ने मारपीट करने वाले एएसआई और कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है। दरअसल, बुधवार को कोईलवर थाना क्षेत्र के गीधा ओपी अंतर्गत एसबीआई शाखा में एएसआई व कांस्टेबल ने एसएसबी जवान व उसकी मां की पिटाई की थी। घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था।
गीधा ओपी अंतर्गत बागमझौआ निवासी देवंती देवी और अपने बेटे एसएसबी जवान प्रकाश कुमार के साथ एसबीआई, गीधा ब्रांच गईं थीं। इसी बीच बैंक की रूटीन चेकिंग में गीधा ओपी के एक एएसआई वह पुलिस जवान शाखा में पहुंचे। बैंक के अंदर किसी बात को लेकर एएसआई व प्रकाश के बीच तू–तू मैं–मैं हो गई।

चोट के निशान दिखाता पीड़ित जवान।
इसके बाद एएसआई और कांस्टेबल ने गाली-गलौज करते हुए प्रकाश की पिटाई शुरू कर दी। बीच-बचाव कर रही प्रकाश की मां के साथ मारपीट की गई। कुछ देर के लिए बैंक के अंदर अफरातफरी का माहौल बन गया। हंगामे और मारपीट के दौरान बैंक में बैठे कई उपभोक्ता डर से भाग गए।

सेना के जवान और उसकी मां के साथ मारपीट करते पुलिसकर्मी।
इधर, एसएसबी जवान प्रकाश कुमार ने बताया कि वह अपनी मां के साथ बैंक अकाउंट को ज्वाइंट करवाने पहुंचे थे। इसी बीच पुलिसकर्मी आए और बिना पूछे मेरे पासबुक को लेकर देखने लगे। इसे लेकर बात बढ़ गई और पुलिसकर्मियों ने मेरे साथ मारपीट की।
वहीं, बैंक में मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार ने आरोपी पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। एसपी ने कहा कि इस मामले को गंभीरता से संज्ञान में लिया गया है। आगे की विधि संगत कार्रवाई की जा रही है।



Leave a Reply