गया बाल सुधार गृह में मंगलवार की संदिग्ध हालत में बंदी की मौत के मामले में पुलिस ने पीड़ित परिवार के आवेदन पर कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष के आवेदन पर 6 लोगों के खिलाफ बुधवार की देर रात रामपुर थाने में FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रामपुर थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि मृतक अविनाश कुमार के पिता मनोज सिंह की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने अपनी तहरीर में बेटे अविनाश की हत्या का आरोप रिमांड होम में बंद बाल कैदी संटू कुमार, रोशन कुमार, राहुल कुमार, जेल कर्मी और इमामगंज थाने के बसेता गांव निवासी अक्षय कुमार और रंजीत कुमार पर लगाया है।
आरोप यह है कि एक षड्यंत्र के तहत उसकी हत्या कराई गई। हत्या के लिए बाल बंदियों का सहारा लिया गया है। शिकायत के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। परिजनों का कहना है कि रिमांड होम में भूमि विवाद में बंद 16 वर्षीय अविनाश कुमार की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई थी। अविनाश जमीन विवाद के मामले में बाल सुधार गृह में बंद था, लेकिन वहां भी उसकी जान नहीं बच सकी।
पीड़ित पक्ष के समर्थन में खुलकर सामने आई BJP
वहीं इस मामले में भाजपा पीड़ित पक्ष के समर्थन में खुलकर सामने आई है। वरीय नेताओं ने इस मामले में पुलिस प्रशासन से जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। गया जिला भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष धनराज शर्मा का कहना है कि बाल सुधार गृह में न्यायिक अभिरक्षा में बंदी अविनाश सिंह जो इमामगंज के निवासी हैं, 13 तारीख की रात में बाल सुधार गृह में हत्या कर दी जाती है। अचरज की बात है कि जो किशोर न्यायिक अभिरक्षा में है, उसकी बाल सुधार गृह के कर्मचारियों की मिलीभगत से अपराधियों के द्वारा हत्या कर दी जाती है। यही नहीं, हत्या की सूचना सुधार गृह के द्वारा मृतक के परिजनों को नहीं दी जाती है। लेकिन परिवार के लोगों को किसी तरह से सूचना मिलने पर परिजन जब बाल सुधार गृह में पहुंचते हैं, तो वहां के अधीक्षक के द्वारा बताया गया कि हृदय गति रूक जाने से मृत्यु हुई है। ऐसे में पार्टी मांग करती है कि पूरी घटना की न्यायिक जांच हो। मामले में संलिप्त दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
अविनाश सिंह गया जिला भाजपा के पूर्व जिला मंत्री व वर्तमान में इमामगंज पूर्वी मंडल के प्रभारी गया प्रसाद के पौत्र थे। वहीं इस घटना की निंदा करते भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम प्रकाश चिंटू सिंह ने प्रशासन से अविलंब जेल प्रशासन को बर्खास्त कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



Comment here