मुजफ्फरपुर पुलिस ने कांटी थाना क्षेत्र स्थित स्पंदना माइक्रो फाइनेंस से लूटकांड का उद्भेदन कर दिया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को हथियार, पैसा व एक किलो मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।
बता दें कि पांच जून 2023 को कांटी थाना क्षेत्र स्थित स्पंदना माइक्रो फाइनेंस से 27 लाख 22 हज़ार रुपए की लूट हुई थी। जिसमें पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनकी पहचान साहेबगंज थाना क्षेत्र के नितेश, हथौडी थाना क्षेत्र के ललित सहनी और औराई थाना क्षेत्र के भरत पंडित के रूप में हुई है।
एसएसपी राकेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि लूट कांड में शामिल अपराधी लुटे गए रुपए के बटवारा करने व किसी अन्य आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए और मादक पदार्थ की खरीद बिक्री करने के लिए करजा थाना क्षेत्र के दामोदरपुर की तरफ एक उजला रंग के बोलेरो से सोनवर्सा लीची गाछी में आने वाले है। जिसके बाद डीएसपी पश्चिमी अभिषेक आनंद के नेतृत्व में टीम गठित कर उक्त जगह पहुंची। जहां कुछ अपराधियों को संदिग्ध अवस्था मे बातचीत करते देखा।
पुलिस को देखते ही कुछ अपराधी बोलेरो में बैठ कर भागने लगे। इसी दौरान बल के सहयोग से तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं बोलेरो से भागने वाले अपराधियों की पहचान हथौडी थाना क्षेत्र के राशिद उर्फ डेविड, औराई थाना क्षेत्र के संतोष सहनी उर्फ बैगन, कौशल दास, मीनापुर थाना क्षेत्र के सूरज सिंह और अहियापुर थाना क्षेत्र के सरोज कुमार के रूप में हुई है। अपराधियों के पास से लूटे गए रकम में से तीन लाख आठ सौ नब्बे रुपया , दो देशी कट्टा, तीन ज़िंदा कारतूस और एक किलो मादक पदार्थ बरामद किया गया है। फरार अपराधियों के गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।



Comment here