गया में बाल सुधार गृह में एक बंदी अविनाश सिंह की पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगाया गया है। आरोप परिजनों द्वारा लगाया जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि मंगलवार की रात 2-3 बंदियों ने मिलकर गमछे से मुंह बांधकर उसकी पीटकर हत्या कर दी है। इसकी जानकारी बाल सुधार गृह प्रशासन की ओर से रात में घर वालों को दी गई थी। रात ही जेल प्रशासन ने मेडिकल काॅलेज ले जाकर भर्ती कराया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया है। अविनाश सिंह जमीनी विवाद में जेल में बंद था।
सोमवार को ही मिल गई थी जमानत
अविनाश सिंह को सोमवार की दोपहर ही जामनत मिल गई थी, लेकिन जमानत के आर्डर पास होने में हुई देरी की वजह से रिहाई के लिए दस्तावेज दाखिल नहीं किया जा सका। इसकी वजह से वह बाल सुधार गृह से बाहर नहीं आ सका था। मंगलवार को यानी आज उसे बाल सुधार गृह से बाहर लाने की तैयारी की जानी थी। इसी बीच परिजनों का आरोप है कि सोमवार की रात को ही बाल सुधार गृह के बंदियों ने मिल कर उसकी हत्या कर दी। अविनाश और उसके परिवार के 12 सदस्यों के खिलाफ जमीन विवाद में हुई हत्या का केस दर्ज था। उसी केस के तहत वह बाल सुधार गृह में वह बीते तीन महीने से बंद चल रहा था। हत्या का मुकदमा उसके खिलाफ वर्ष 2022 में उसी के गांव के रहने वाले अक्षय सिंह ने दर्ज कराया था। अविनाश के मामले को देख रहे वकील शीशिर कुमार कौंडिल्य ने बताया कि इस मामले में बाल सुधार गृह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। क्यों कि बाल सुधार गृह की लापरवाही की वजह से ही उसकी हत्या हुई। हत्या करने में तीन बाल बंदी शामिल हैं। लेकिन उनकी उम्र 18 वर्ष से काफी अधिक है। बावजूद इसके वे बाल सुधार गृह में कैसे रह रहे थे। यह एक बड़ा सवाल है।
अक्षय सिंह ने दी थी धमकी
अविनाश के पिता मनोज सिंह का कहना है कि अक्षय सिंह ने पूर्व में कई बार चेतावनी दी थी कि अविनाश बाल सुधार गृह से जिंदा वापस नहीं आएगा। उसका कहा सही निकला। उसी ने बाल सुधार गृह प्रशासन और वहां के बंदियों के साथ मिल कर उसकी हत्या कराई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले की सूचना बाल सुधार गृह की ओर से नहीं दी गई। एक प्राइवेट नंबर से हमें सोमवार की रात सूचना मिली थी। उस सूचना के आधार पर जब हमने बाल सुधार गृह में रहने वाले एक कर्मी को फोन किया तो उसने घटना की पुष्टि की। यही नहीं रात को एक बाइक पर अविनाश को लेकर बाल सुधार गृह प्रशासन के दो कर्मी मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचा और बॉडी को छोड़ कर फरार हो गए।



Comment here