पटना में मंगलवार देर रात नाले के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इसमें एक वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आधा दर्जन लोग घायल हो गए। मामला बिहटा के नेउरा ओपी थाना क्षेत्र के बेचू टोला गांव का है।
मृतक महिला की पहचान बेचू टोला गांव निवासी लाल बाबू राय की पत्नी देवंती देवी के रूप में हुई है। मौत की सूचना पर मृतक के परिजनों में कोहराम मचा गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस को आक्रोशित लोगों के गुस्से का शिकार होना पड़ा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेजा। साथ ही सभी घायलों को इलाज के लिए बिहटा के रेफरल अस्पताल में भर्ती करवाया।
इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई। बताया जाता है कि मृतक महिला श्रीचंद पुर पंचायत के वर्तमान मुखिया अवधेश यादव की पड़ोसी है। मंगलवार की देर रात लाल बाबू राय और मुखिया अवधेश यादव के परिवार के बीच रात करीब 8 बजे नाली को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जो बाद में मारपीट में तब्दील हो गया। इस घटना में दोनों तरफ से कई लोग घायल हुए।

मौत के बाद एकत्रित महिलाएं।
मृतक महिला के घायल बेटे शिव दयाल प्रसाद ने मुखिया अवधेश यादव पर हत्या का आरोप लगाया है।पुलिस से हत्या आरोपियों की कड़ी कार्रवाई की मांग की है। नेउरा ओपी प्रभारी श्याम प्रभा कुमारी ने बताया कि एक महिला की मौत की सूचना मिली है। नाली के विवाद में मारपीट हुई है। इस घटना में दोनों तरफ से कई लोग घायल हैं। मृतक के परिजन मुखिया अवधेश यादव को आरोपित बता रहे हैं।
कहा कि लिखित आवेदन आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के कारणों की पुष्टि की जा सकेगी।



Comment here