BIHARBreaking NewsSTATE

ठंड और कोहरे ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें, लगातार गिर रहा है तापमान, गया बना सबसे ठंडा शहर

राजधानी समेत राज्य भर में पछुआ व उत्तर पछुआ हवा का प्रवाह जारी है। इस कारण राज्य भर में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। वहीं, इन हवाओं के प्रवाह के प्रतिफल के रूप में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के बुलेटिन में आरती गुप्ता ने जानकारी सार्वजनिक की है कि आने वाले समय में सुबह के समय हल्का कुहासा छाए रहने की संभावना है। 

ऐसा रहा राज्य भर का मौसम 

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट आई है। उत्तर बिहार में न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि दक्षिण बिहार में न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान गया में 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की मानें तो पटना गया, पूर्णिया में कुहासा के चलते दृश्यता में भी कमी आई है। 

राज्य भर में सबसे कम दृश्यता पूर्णिया में 500 मीटर दर्ज की गई। पूरे महीने का औसत न्यूनतम तापमान पटना में 15.1 डिग्री सेल्सियस, गया में 13. 8 डिग्री सेल्सियस, भागलपुर में 16.9 डिग्री सेल्सियस, पूर्णिया में 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि औसत अधिकतम तापमान पटना व गया में 28.3 डिग्री सेल्सियस, भागलपुर का 28.5 डिग्री सेल्सियस, पूर्णिया का 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

नवंबर में प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रहा जबकि औसत अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री के बीच बना रहा। नवंबर का सबसे कम न्यूनतम तापमान पटना में 10.8 डिग्री सेल्सियस 24 व 25 नवंबर को दर्ज किया गया। पूर्णिया में 14.7 डिग्री सेल्सियस 29 व 30 नवंबर को, भागलपुर में 13.8 डिग्री सेल्सियस 24 नवंबर को और गया में 9.8 डिग्री सेल्सियस 25 नवंबर को दर्ज किया गया। 

नवंबर में मौसम रहा शुष्क

पटना मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार विगत 24 घंटे के दौरान पटना समेत राज्य भर में मौसम शुष्क बना रहा। केंद्र से जारी आंकड़ों के अनुसार नवंबर में पूरे महीने मौसम शुष्क बना रहा। इस दौरान वर्षापात भी शून्य दर्ज किया गया। यानी नवंबर में पटना समेत सूबे के किसी हिस्से में बारिश नहीं हुई है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.