Breaking News

महिला हिंसा और जेंडर आधारित भेदभाव को लेकर महिलाओं को किया गया जागरूक

पटना। महिला हिंसा और जेंडर आधारित भेदभाव के प्रति महिलाओं को सशक्त और जागरूक करने के लिए बुधवार को दानापुर प्रखंड के माथियापुर से उसरी पंचायत भवन तक सहयोगी संस्था की निर्देशिका रजनी के नेतृत्व में वाक फाॅर वूमेन के तहत जागरुकता मार्च निकाला गया। जागरुकता मार्च में करीब तीन सौ से ज्यादा की संख्या में महिलाएं, किशोरियों, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सेविकाओं के साथ-साथ शिक्षिकाओं ने भी भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां जैसे महिला हिंसा कहीं नहीं, कभी नहीं, हिंसा मुझे मंजूर नहीं, मैं भी छू सकती हूं आकाश,‌मौके की ही मुझे तलाश और बंधन खोलो चुप्पी तोड़ो आदि नारे लगाए।
जागरुकता मार्च के दौरान सहयोगी संस्था की निर्देशिका रजनी ने बताया कि महिला हिंसा और जेंडर आधारित भेदभाव को लेकर मार्च के तहत महिलाओं को सशक्त और जागरूक किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बुधवार को वाक फॉर वूमेन कार्यक्रम के तहत महिलाओं ने जागरुकता मार्च निकाला। उन्होंने बताया कि इस मुहिम के तहत दानापुर प्रखंड के दो पंचायतों में 16 दिवसीय जागरुकता मार्च चलाया जा रहा है। इस दौरान कई प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि उक्त अभियान बीते 25 नवंबर से शुरू होकर आगामी दस दिसंबर तक चलेगा। जागरुकता मार्च का समापन मानव अधिकार दिवस के दिन किया जाएगा।
सहयोगी संस्था के निर्देशिका रजनी ने बताया कि जागरुकता मार्च के अलावे इन प्रतिभागियों को संस्था के तरफ से और भी विभिन्न प्रकार के गतिविधियों के द्वारा जागरूक और आत्म सुरक्षा के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ-साथ मानव श्रृंखला,‌खेल प्रतियोगिता और फोरम थियेटर के जरिए महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देते हुए महिला हिंसा और लिंग आधारित भेदभाव जैसी बुनियादी चुनौतियों को खत्म करने पर बल दिया जा रहा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.