BIHARBreaking NewsMUZAFFARPURSTATE

मुजफ्फरपुर : निगम में शामिल होंगे शहर से सटे 32 गांव, 49 से बढ़ कर हाे सकते हैं अब 76 वार्ड

नगर निगम विस्तारीकरण की कवायद तेज हाे गई है। मुजफ्फरपुर नगर निगम की सीमा से लगते और शहर का स्वरूप ले चुके 32 राजस्व गांव जल्द नगर निगम में शामिल हाे जाएंगे। नए निगम में वर्तमान 49 वार्ड से बढ़ कर 76 वार्ड हाे जाएंगे। नगर विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा बैठक में निगम विस्तारीकरण के प्रस्ताव पर चर्चा के बाद डीएम डाॅ. चंद्रशेखर सिंह से अनुमोदन मांगा गया है।

नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने शुक्रवार काे ही डीएम काे इसकी फाइल भेज दी। फाइल में दी जानकारी अनुसार प्रस्तावित गांव पहले से ही शहर का स्वरूप ले चुके हैं। अब इन्हें निगम में शामिल भर करना है। निगम का विस्तार उत्तर में एसकेएमसीएच, पश्चिम में पताही, पूरब में रोहुआ आपूछ, दक्षिण में मधाैल और दिघरा गांव की सीमा तक हाेगा।

साहेबगंज, मोतीपुर और कांटी काे नगर परिषद बनाने के अनुमोदन के साथ ही निगम विस्तारीकरण का प्रस्ताव फिर डीएम के अनुमोदन के साथ नगर विकास एवं आवास विभाग काे जाना है। पूर्व में निगम विस्तार पर ग्रामीण इलाके से ली गई आपत्तियों का डीएम स्तर से निराकरण हाे चुका है।

2011 जनगणना के अनुसार

3.45 लाख है अभी मुजफ्फरपुर नगर निगम की जनसंख्या, विस्तारीकरण के बाद हो जाएगी 4.85 लाख

ये गांव होंगे नगर निगम में शामिल
कांटी अंचल:
 दादर काेल्हुआ (कुछ भाग), दादर काेल्हुआ (481 क का कुछ भाग), पैगंबरपुर काेल्हुआ (कुछ भाग), सदातपुर (कुछ भाग), बैरिया (कुछ भाग), दामोदरपुर (कुछ भाग)।
मड़वन अंचल: चकमुरमुर (कुछ भाग), चैनपुर (कुछ भाग), चैनपुर (कुछ भाग)।
मुशहरी अंचल: सिकंदरपुर, चकगाजी, शहबाजपुर सलेम, मुरादपुर दुल्लाह, अहियापुर का दाेनाें राजस्व गांव, रक्बे अहियापुर उर्फ गणेशपुर, शेखपुर, नाजिरपुर, चंदवारा, चकमाेहब्बत, बारा जगन्नाथ (कुछ भाग), राघोपुर (कुछ भाग), मझौली धर्मदास (कुछ भाग), शेरपुर नारायणपुर अनंत के 4 राजस्व गांव, खबड़ा (कुछ भाग), कोठिया दाखिल, रोहुआ आपाेछ (कुछ भाग), धनहर छपरा, बढ़नपुरा उर्फ ब्रह्मपुरा, भगवानपुर, गोवर्धनपुर उर्फ गाेबरसही, पताही उर्फ पताही रूप (कुछ भाग), डुमरी उर्फ दामोदरपुर उर्फ शाहजहांपुर (कुछ भाग), मझौली खेतल, बारमतपुर उर्फ विशुनपुर (कुछ भाग), खबड़ा उर्फ कीरतपुर, मोहम्मदपुर काजी, भिखनपुरडीह।

बढ़ेंगे वार्ड तो मिलेगा कई केंद्रीय याेजनाओं का लाभ, होगा विकास
पूर्व मेयर वर्षा सिंह के अनुसार प्रस्तावित गांवों के निगम में शामिल हाेने से करीब 26-27 वार्ड बढ़ जाएंगे। वार्डों की कुल संख्या 49 के बदले 75 या 76 हो जाएगी। शहर की आबादी भी बढ़ कर 6 लाख के करीब या अधिक हाे जाएगी। इस आबादी वाले निगम के लिए केंद्र से जेएनएनयूआरएम सहित अन्य याेजनाओं का भी लाभ मिलने से सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
नए इलाकों में बढ़ेंगी सुविधाएं स्व कर फार्मेट भरने की छूट

नगर आयुक्त के अनुसार गांवों के नगर निगम में शामिल हाेने से इन गांवों में भी कचरा प्रबंधन, नाला निर्माण, राेड, जलापूर्ति, शौचालय और स्ट्रीट लाइट आदि याेजनाओं के लिए अतिरिक्त फंड मिलेगा। होल्डिंग टैक्स के लिए लाेग अपने मकानों पर खुद टैक्स निर्धारण करने के लिए स्व-कर फार्मेट भर कर देंगे। अभी इन गांवों में जलनिकासी के लिए नाले और साफ-सफाई के लिए कचरा प्रबंधन आदि जैसी सुविधाएं नहीं हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.