समस्तीपुर की एक लड़की से प्रेम प्रसंग में शादी के बाद पति ने ही बेंगलुरु ले जाकर बेच दिया। बेंगलुरु में करीब 6 माह तक उसके साथ यौन शोषण होता रहा। 5 दिन पहले उसे दिल्ली लाकर दुबारा बेच दिया गया। दिल्ली से वह मंगलवार की देर शाम किसी तरह समस्तीपुर के महिला थाना पहुंची। यहां उसने महिला थानाध्यक्ष को अपनी आपबीती सुनाई।
पीड़िता के अनुसार प्रेम प्रसंग में शादी करने से नाराज पिता ने लड़केवालों पर मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद लड़का पक्ष द्वारा उसे डरा धमकाकर अपने पक्ष में गवाह दिलाई गई थी। फिर दोनों वैशाली के हाजीपुर शहर में एक किराए के मकान में एक साथ रह रहे थे।
शादी के 6 माह बाद ही मांगने लगा दहेज
पीड़िता की उम्र 22 साल है। वह ताजपुर थाना इलाके की रहने वाली है। उसके पति का नाम विकास कुमार है और उसकी उम्र 24 वर्ष है। दोनों का घर करीब ही है। एक शादी समारोह में दोनों की मुलाकात हुई थी। उसी दौरान मोबाइल नंबर का लेनदेन हुआ।
फिर दोनों ने 2019 में भाग कर शादी कर ली। शादी के बाद हाजीपुर में एक किराए के मकान में रह रहे थे। शादी के 6 महीने बाद से ही दहेज की मांग को लेकर बार-बार टॉर्चर करता था। आखिर में मांग पूरी नहीं होने पर पिछले साल सितंबर माह में उसे धोखा में रखकर बेंगलुरु ले गया और चार लड़कों के हाथ बेच दिया था। वहां उसके साथ 6 महीने तक हैवानियत होती रही।
पीड़िता ने बताया कि आज से 5 दिन पहले बेंगलुरु से उसे दिल्ली लाकर बेच दिया गया। दिल्ली से वो किसी तरह अपनी जान बचाकर समस्तीपुर पहुंची। पास में 100 रुपए भी नहीं थे। टिकट भी नहीं लिया था। ट्रेन में टीटी के आने पर बाथरूम में छुप जाती थी।
महिला थानाध्यक्ष पुष्पलता कुमारी ने बताया कि आवेदन के आधार पर युवक की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है। फिलहाल युवक अपने घर से फरार है।
Leave a Reply