मोक्ष नगरी गया जी स्थित विश्व विख्यात विष्णुपद मंदिर में भगवान श्रीराम व माता जानकी 28 नवंबर को परिणय सूत्र में बंधेंगे। बीते दो साल से कोरोना की वजह से भगवान श्रीराम का विवाह महोत्सव सार्वजनिक रूप नहीं हो पा रहा था। लेकिन इस बार विवाह पूरे धूम-धाम से होगा। शादी से पूर्व शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए भगवान श्रीराम की बारात विष्णुपद मंदिर पहुंचेगी।
विवाह उत्सव 27 नवंबर से शुरू होकर 30 नवंबर को संपन्न हो जाएगा। 28 नवंबर को विष्णुपद मंदिर परिसर में भगवान श्री राम -जानकी विवाह होगा। 29 को भंडारा का आयोजन किया जाएगा। 30 नवंबर को दरिद्रनारायण भोजन के साथ विवाह महोत्सव का समापन होगा।
समिति के कार्यकारी अध्यक्ष शंभू लाल बिट्ठल ने बताया कि दो वर्षों के अंतराल के बाद इस बार भगवान श्रीराम की बारात निकल रही है। इस वजह से इस बार भक्तों की बड़ी भीड़ उमड़ने की संभावना बन रही है। ऐसा इसलिए कि भक्तों में भगवान के विवाह समारोह को लेकर काफी उत्साह कोने कोने से देखने को मिल रहा है। ऐसे में यातायात और विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीएम और एसएसपी को समिति द्वारा ज्ञापन दिया गया है। साथ ही सीआरपीएफ,सैप जवान व अतिरिक्त आरक्षी बल की प्रतिनियुक्ति की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि इस बार वर पक्ष का किरदार विष्णुकांत मिश्रा, कन्या पक्ष का अवधेश मिश्रा निभाएंगे।
ऐसी होगी भगवान की बारात
विष्णुपद मंदिर से श्रीराम की निकलने वाली बारात में फूलों से सजी पालकी पर भगवान विष्णु के चरण होंगे। बारात में श्री राम दरबार और राधा- कृष्ण की आकर्षक झांकी भी होगी। पटना के और गया जिले के नामी बैंड बाजे वाले बारात की शोभा बढ़ाएंगे। इसके अलावा ऊंट हाथी, घोड़े के साथ बाराती बारात लेकर आएंगे।
Leave a Reply