मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना के पिलखी ठीकहां में एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। ग्रामीणों ने उसका शव एक खेत मे जमीन के अंदर गाड़ने की बात पुलिस को बताई। पुलिस ने स्पॉट पर पहुंचकर छानबीन की। मिट्टी को देखकर लग रहा था कि इसे तुरन्त भरा गया हो। अब मजिस्ट्रेट के आने पर पुलिस मिट्टी खोदकर शव को निकालने की कवायद में जुट गई है
मृतका की पहचान इंदल राम की पत्नी सीता देवी (35) के रूप में हुई है। गांव में चर्चा है कि महिला का एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह कुछ दिन पूर्व घर से अपने प्रेमी के साथ तीन बच्चों को लेकर भाग गई थी। लेकिन, फिर वापस भी लौट आयी। गांव में पंचायत हुई। उसके पति समेत अन्य ससुराल वालों ने उसे अपना लिया। लेकिन, अंदर ही अंदर वे लोग आक्रोशित थे। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि इसी आवेश में आकर ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर शव को जमीन में गाड़ दिया।
घर छोड़कर हुए फरार
पुलिस को सूत्र के माध्यम से इस घटना की जानकारी मिली। जब पुलिस ने महिला के ससुराल में छापेमारी की तो सभी लोग फरार मिले। इससे शक और भी यकीन में बदल गया कि इनलोगों ने जरूर कोई अपराध किया है। अब पुलिस आरोपियों को तलाश रही है। इसके साथ महिला के मायके वालों को भी सूचना दी गयी है। वे लोग भी रवाना हो चुके हैं।
ईंट-भट्ठा में करती थी काम
ग्रामीण नाम न छापने की शर्त पर बताते हैं कि महिला का पति मेहनत मजदूरी करता है। वह खुद भी ईंट भट्ठा में काम करती थी। इसी दौरान उसका गांव के एक युवक से प्रेम सम्बन्ध हो गया। इसकी भनक इस समय परिवार को नहीं लगी। लेकिन, जब पिछले महीने वह घर से चली गयी। तब परिजन को इस बात का पता लगा। सब इंस्पेक्टर सरोज कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। जमीन खोदकर शव निकाला जाएगा। इसके बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।




Leave a Reply