पाटलिपुत्र स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की संख्या पांच हो गई है। नया प्लेटफॉर्म बनकर तैयार है। बस मामूली फिनिशिंग बाकी है। साथ ही दीघा ब्रिज के रास्ते रेल ट्रैक की डबलिंग भी हो गई है। ऐसे में जल्द ही पाटलिपुत्र स्टेशन से खुलने वाली ट्रेनों की संख्या बढ़ जाएगी। फिलहाल दानापुर से खुल रही संघमित्रा एक्सप्रेस, पटना-पुणे एक्सप्रेस, पाटलिपुत्र-बरौनी मेमू पैसेंजर और पाटलिपुत्र-जयनगर इंटरसिटी जल्द ही पाटलिपुत्र से खुलेगी। इसके अलावा मेन लाइन की कुछ और ट्रेनों को भी यहां शिफ्ट किया जा सकता है।
मुजफ्फरपुर-छपरा लाइन की कुछ ट्रेनों को भी पाटलिपुत्र जंक्शन के रास्ते चलाने की तैयारी है। माना जा रहा है कि अगस्त तक यहां से ट्रेनों की संख्या बढ़ जाएगी। अभी पाटलिपुत्र जंक्शन से 8 ट्रेनें खुलती हैं, जबकि 28 गुजरती हैं। पूर्व मध्य रेल के सीपीआरओ वीरेंद्र कुमार ने कहा कि समय के साथ ट्रेनों की संख्या बढ़ेगी। 350 करोड़ की लागत से पाटलिपुत्र स्टेशन री-डेवलप हुआ है।
चार ट्रेनें यहां शिफ्ट होने के बाद हटा ली गईं
2015 में शुरू होने के बाद चार ट्रेनों को पाटलिपुत्र शिफ्ट किया गया। लेकिन, कुछ महीने बाद ही ट्रेनों को दानापुर और पटना जंक्शन शिफ्ट कर दिया गया। इनमें से संघमित्रा एक्सप्रेस और पटना-पुणे एक्सप्रेस को दानापुर, जबकि पाटलिपुत्र-बरौनी मेमू पैसेंजर और पाटलिपुत्र जयनगर इंटरसिटी को पटना जंक्शन शिफ्ट कर दिया गया।
अभी ये ट्रेनें खुल रही हैं
13206/05 पाटलिपुत्र-सहरसा जनहित एक्सप्रेस, 12142/41 पाटलिपुत्र-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, 05266/ 65 पाटलिपुत्र-दरभंगा सवारी गाड़ी, 05253/54 मुजफ्फरपुर-पाटलिपुत्र सवारी गाड़ी, 03215/ 03216 रक्सौल-पाटलिपुत्र फास्ट पैसेंजर, 12529/12530 पाटलिपुत्र-लखनऊ सुपरफास्ट, 15201/15202 पाटलिपुत्र-नरकटियागंज इंटरसिटी, 03292/03296 पाटलिपुत्र-बरौनी मेमू।



Leave a Reply