मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर में बर्थडे पार्टी में हर्ष फायरिंग करते हुए वीडियो वायरल हुआ है। सोशल मीडिया पर ये वीडियो छाया हुआ है। हालांकि पुलिस ने इस मामले का निष्पादन कर लिया है। चार शातिरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इनके पास से पिस्टल और गोली भी बरामद हुई थी।
इसी पिस्टल से हर्ष फायरिंग किया गया था। जेल भेजने के बाद यह वीडियो शुक्रवार को वायरल होने लगा है। यह वीडियो 45 सेकेंड का है। जिसे विशाल नाम के युवक ने अपने फेसबुक ID पर पोस्ट किया है। वीडियो में दिख रहा है कि एक युवक केक काट रहा है। जबकि वहां पर कई युवक मौजूद हैं। एक युवक जिसने माथे में लाल रंग का गमछा लपेट रखा है। वह अचानक से पिस्टल निकालता है और हवा में दो राउंड फायरिंग करता है।
इसके बाद सब मिलकर बर्थडे बॉय के चेहरे पर केक लगाते हैं। फिर से एक राउंड फायरिंग होती है। उक्त वीडियो बुधवार के बताया जा रहा है। मामला पुलिस के संज्ञान में पहुंचा। DSP वेस्ट अभिषेक आनंद ने फायरिंग करने वाले युवकों की पहचान करवाई। इसके बाद सभी का लोकेशन पता किया गया। गुरुवार को चारों युवक दामोदरपुर से जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने इन चारों को दबोच लिया। इनकी पहचान मोतीपुर बगाही के राजीव, मोहम्मद वारिस, चन्द्र प्रकाश और विकास कुमार के रूप में हुई है। DSP वेस्ट ने बताया कि पुलिस ने अपने बयान पर आर्म्स एक्ट में FIR दर्ज कर चारो को जेल भेज दिया है।

Leave a Reply