BIHARBreaking NewsSTATE

केसरिया बंडी, सफेद दाढ़ी, रेत पर 71 फीट के मोदी, 12 घंटों की मेहनत से 6 कलाकारों ने तैयार किया है सैंड आर्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को मेगा इवेंट बनाने में बिहार भाजपा ने कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है । भाजपा कार्यालय में भी इसे लेकर बड़ा समारोह आयोजित हो रहा है। इसका मुख्य आकर्षण है प्रधानमंत्री का सैंड आर्ट। 71 वर्ग फीट के इस सैंड आर्ट को बनाने में 6 कलाकारों को 12 घंटे लगे हैं। भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक मेगा इवेंट चलेगा।

प्रधानमंत्री के सैंड आर्ट को भव्य बनाने में कलाकारों ने खूब मेहनत की है। पटना आर्ट कॉलेज के 6 छात्रों ने इस 71 वर्ग फीट में प्रधानमंत्री का सैंड आर्ट तैयार किया है। इस आर्ट में केसरिया रंग के कमल छाप के साथ ही बिहार के नक्शे को भी रखा गया है। लेकिन, सबसे खास है भारत के मानचित्र पर उकेरी गई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की छवि। केसरिया बंडी और सफेद दाढ़ी में प्रधानमंत्री नजर आ रहे हैं।

सैंड पर प्रधानमंत्री मोदी की झलक।

सैंड पर प्रधानमंत्री मोदी की झलक।

सैंड आर्ट में रंगों का भी इस्तेमाल
इसे भव्यता देने के लिए कलाकारों ने सैंड आर्ट में रंगों का प्रयोग किया है। प्रधानमंत्री की दाढ़ी को सफेद रंग से जबकि उनकी बंडी को भगवा रंग से रंगा गया है। भाजपा कला संस्कृति मंच की तरफ किए गए इस पूरे आयोजन में कई और आकृतियों तैयार की गई है। इनमें राममंदिर की थर्मोकोल से बनी आकृति के साथ ही जम्मू-कश्मीर के लाल चौक पर लहराते तिरंगे को भी दिखाया गया है। इस सभी आकृतियों की प्रदर्शनी प्रदेश भाजपा कार्यालय में लगी है।

भाजपा कार्यालय में प्रदर्शनी।

भाजपा कार्यालय में प्रदर्शनी।

मोदी चाय से लेकर हवन-पूजा भी
भाजपा के अलग-अलग मंच-मोर्चो ने इसे लेकर अपनी-अपनी तरफ से खास तैयारी की है। महिला मोर्चा मोदी के जन्मदिन पर मोदी चाय का स्टॉल लगा रही है। पंचायती राज प्रकोष्ठ प्रधानमंत्री के दीर्घायु होने की कामना को लेकर हवन करेगी। उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने प्रधानमंत्री के दीर्घायु होने के लिए मजार पर चादरपोशी की। भाजपा हर साल ‘सेवा सप्ताह’ के रूप में प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाती रही है। इस बार इसे ‘सेवा और समर्पण अभियान’ के रूप में विस्तार दिया गया है।

7 अक्टूबर को पहली बार बने थे मुख्यमंत्री
भाजपा की ओर से पूरा आयोजन 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा। 17 सितंबर से यह अभियान इसलिए शुरू हो रहा है, क्योंकि इस दिन PM का जन्मदिन है। 7 अक्तूबर 2001 को वह पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे, इसलिए 7 अक्टूबर को अभियान का समापन होगा। सेवा समर्पण अभियान को भाजपा 20 दिन का मेगा इवेंट बनाने जा रही है। इस दौरान बड़े पैमाने पर स्वच्छता और ब्‍लड डोनेशन कैंप के साथ कई अन्‍य कार्यक्रम आयोजित कर रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.