Breaking News

एक बेहतर प्रशिक्षक ही बेहतर खिलाड़ी तैयार कर सकता है’:बिहार में 5 जगह खुलेगा खेल विज्ञान केंद्र

बिहार में 5 जगहों पर खेल विज्ञान केंद्र खोले जाएंगे। वहां खिलाड़ी वैज्ञानिक तरीके से प्रशिक्षण ले पाएंगे, जिससे उनकी प्रतिभा में और निखार आएगा। इसके साथ ही भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और प्रशिक्षक ओलंपियन वी.भास्करन बिहार के एकलव्य खेल स्कूल के परामर्शी बनेंगे। इस बात की जानकारी बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण ने दिया।

अच्छे खिलाड़ी निकलेंगे
रविन्द्रण शंकरन ने कहा की आज के समय में बिना वैज्ञानिक तरीके और बिना टेक्नोलॉजी का सहारा लिए हम अच्छे प्रशिक्षक और बेहतर खिलाड़ी तैयार नहीं कर सकते हैं। खिलाड़ियों को शारीरिक और मानसिक रूप से सक्षम बनाने के लिए खेल विज्ञान के विशेषज्ञों, नूट्रिशन विशषज्ञों और खेल मनोवैज्ञानिकों का महत्व आज काफी बढ़ गया है। रामचन्द्र खेल विज्ञान केंद्र के सहयोग से बिहार में पांच जगह खेल विज्ञान केंद्र बनाएंगे। इससे बिहार की प्रतिभा को भी वैज्ञानिक तरीके से तलाशा और तराशा जा सके।

बिहार के 200 खेल प्रशिक्षकों को दी गई ट्रेनिंग
वहीं, सोमवार को दक्षिण अफ्रीकी खेल विशेषज्ञ एंड्रूस ग्रे और वी.भास्करन द्वारा बिहार के खेल प्रशिक्षकों का खेल विज्ञान पर एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न हुआ। इसमें 200 खेल प्रशिक्षकों ने प्रशिक्षण लिया। इस दौरान वी.भास्करन ने कहा की सीखने की कोई उम्र नहीं होती है ,अपने ज्ञान को हमेशा नए नए तरीकों और प्रशिक्षण से बढ़ाते रहना चाहिए। हर सीख के साथ आदमी और बेहतर बन जाता है। एक बेहतर प्रशिक्षक ही बेहतर खिलाड़ी तैयार कर सकता है।

प्रशिक्षण के दौरान रविन्द्रन शंकरण ने कहा कि प्रशिक्षकों का स्तर जितना बेहतर होगा खेल और खिलाड़ियों का स्तर भी उतना ही अच्छा होगा। नीरज चोपड़ा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर इसलिए कर पा रहें हैं क्योंकि उनके साथ खेल विधा से जुड़े विशेषज्ञों की एक पूरी टीम वैज्ञानिक तरीके से काम करती है।

बिहार के एकलव्य खेल स्कूल को बेहतर करने के लिए कर रहे काम
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के निदेशक सह सचिव पंकज राज ने बताया कि बिहार के एकलव्य खेल स्कूल को और बेहतर और प्रभावी बनाने के लिए सरकार द्वारा प्राथमिकता के साथ कई उपाय किए जा रहे हैं। यह हमारे लिए बहुत खुशी की बात है कि देश के प्रसिद्ध ओलंपियन खिलाड़ी, प्रशिक्षक और विशेषज्ञ वी. भास्करन ने बिहार के एकलव्य स्कूल के उत्थान के लिए एकलव्य स्कूल के परामर्शी के रूप में सहयोग देने की अपनी स्वीकृति दे दी है। यह निश्चित रूप से बिहार के खेल और खिलाड़ियों के स्तर में सकारात्मक और गुणात्मक सुधार लाएगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.