पटना रेल पुलिस ने अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह के दो सदस्यों को अरेस्ट किया है। पुलिस ने इनके चंगुल से एक महिला को छुड़ाया है। महिला लखीसराय की रहने वाली है। पुलिस के मुताबिक पारिवारिक विवाद को लेकर महिला घर से भागकर पटना आ गई। महिला को नौकरी का झांसा देकर पटना के रहने वाले दीपक और राजेश उसे राजगीर ले गए। फिर मध्यप्रदेश के रहने वाले युवक से पैसे लेकर जबरन शादी करा दी।
रेल पुलिस के मुताबिक शादी के बाद महिला को दिल्ली ले जाने के लिए पटना जंक्शन लेकर आए थे। लेकिन महिला ने स्टेशन पर शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने कारु लाल धनगर और राजेन्द्र परिदार को अरेस्ट कर लिया। ये दोनों मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। कारु लाल धनगर से राजगीर के होटल में महिला की शादी कराई गई थी। गुरुवार को रेल एसपी अमृतेन्दु शेखर ठाकुर ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पटना के रहने वाले राजेश और दीपक इस गिरोह को संचालित करते हैं। दोनों तस्कर अकेली महिला को देखकर नौकरी दिलाने के प्रलोभन देकर झांसे में लेते थे। इसके बाद महिला को लाखों रुपए में बेच कर जबरन शादी करवा देते थे। इन दोनों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
2.27 लाख में महिला को बेचा
आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि लखीसराय से आई महिला को दीपक और राजेश ने नौकरी का झांसा दिया और उसे राजगीर ले। फिर उसे मध्य प्रदेश के कारु लाल धनगर नामक युवक के हाथों 2 लाख 27 हजार में बेच दिया और होटल में जबरन शादी करा दी। पुलिस का कहना है कि राजेश और दीपक है जो राजेन्द्र परिदार से संपर्क में रहते थे और महिला या लड़की को अपने जाल में फंसाने के बाद राजेन्द्र से डील करते थे। रेल पुलिस का दावा है कि दीपक और राजेश को जल्द अरेस्ट कर लिया जाएगा। साथ ही इनका नेटवर्क कहां-कहां तक फैला और उनकी गिरोह में कौन-कौन शामिल है इसको लेकर जांच की जा रही है।
Leave a Reply