मोतिहारी में पारिवारिक कलह से तंग आकर दंपती ने पुल से सिकरहना नदी में कूदकर जान दे दी। स्थानीय गोताखोरों की मदद से महिला का शव सुबह बरामद किया गया। वहीं कई घंटों की खोजबीन के बाद पति का शव भी मिल गया है। घटना शुक्रवार रात चिरैया थाना क्षेत्र के ललबेगियां की है। घर में कोहराम मचा है।
डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
चिरैया थाना क्षेत्र भेरियाही गांव निवासी 25 वर्षीय शिवनंदन जायसवाल की शादी डेढ़ वर्ष पहले ललबेगिया निवासी 19 वर्षीय मुस्कान कुमारी से हुई थी। मुस्कान गर्भवती थी जिसके कारण डेढ़ महीने से अपने मायके ललबेगिया आई थी। एक सप्ताह पहले बेटी को जन्म दिया और दो दिन पहले धूमधाम से बेटी की छठी मनाई। छठी के बाद पति-पत्नी में विवाद चल रहा था। शुक्रवार की रात पति-पत्नी करीब 10 बजे यह कहकर निकले कि पड़ोस में मेहंदी कार्यक्रम में जा रहे हैं। 12 बजे रात में पता चला कि दोनों ने ललबेगिया पुल से नदी में कूद कर जान दे दी।
महिला के शव को किया बरामद
स्थानीय लोगों ने रात में ही दोनों के शव की तलाश करनी शुरू कर दी। सफलता हाथ नहीं लगी। घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दी गई। सुबह मुस्कान के शव को बरामद कर लिया गया, लेकिन शिवनंदन का शव नहीं मिला था। मौके पर स्थानीय गोताखोर और एसडीआरएफ की टीम की मदद से शिवनंदन की तलाश की गई। इसके बाद दोपहर बाद पति का शव भी बरामद हो गया।
मृतक शिवनंद के साले विनय कुमार ने कहा कि जीजा जी नेपाल में मजदूरी करते थे। दोनों ने अचानक ये कदम क्यों उठाया समझ नहीं आ रहा। वहीं, चिरैया सीओ आनंद कुमार गुप्ता ने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव की तलाश की जा रही है।
Leave a Reply