Breaking News

पटना में किसान की गोली मारकर ह’त्या:खाना खाने के बाद दालान में सो रहे थे, घटनास्थल से पुलिस ने खोखा किया बरामद

बिहटा थाना क्षेत्र मूसेपुर गांव के मोहनपुर टोले में शुक्रवार की देर शाम एक किसान की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा को बरामद किया है। साथ ही शव को जब्त कर कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के मूसेपुर गांव निवासी स्व. राम बहादुर सिंह के पुत्र संचित सिंह (55) के रूप में की गई है। फिलहाल घटना का कारण स्पष्ट नहीं है।

खाना खाने के बाद दालान में सो रहे थे

मृतक संचित सिंह प्रतिदिन की तरह खाना खाने के बाद अपने दालान में सो गये थे। पड़ोस के व्यक्ति ने आवाज लगाई तो वे नहीं उठे। फिर उनकी बेटी को बुलाया उसके आवाज पर भी जब उनके शरीर में कोई हरकत नहीं हुई तो बेटी ने उनके करीब जाकर देखा तो कान के पास खून निकल रहा था। अनहोनी की आशंका होने पर बेटी रोने लगी। जिसके बाद गांव में घटना की जानकारी सबको हो गई। कई लोग उनके दालान की तरफ दौड़े और नब्ज को देखा तो उनकी मौत हो चुकी थी।

रोते-बिलखते मृतक के परिजन।

रोते-बिलखते मृतक के परिजन।

आसपास के लोगों ने सुनी गोली की आवाज

मौके पर पहुंची पुलिस को परिजनों व मृतक के पुत्र अंशु कुमार ने घटना की कोई भी जानकारी होने से इंकार किया है। बेटे का कहना था की शाम 6 बजे तक उनके किसी परिवार के सदस्य को इसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी। बगल के लोगों ने पटाखा जैसी आवाज सुनी है। मृतक के सिर में सटाकर गोली मारी गई है।

थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद घटना के सही समय की जानकारी होगी। परिजन की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी। साथ ही घटनास्थल से मृतक के पास एक खोखा बरामद किया गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.