समस्तीपुर जिला सरायरंजन थाना अंतर्गतत हरपुर बरहेता पंचायत के वार्ड-4 में बुधवार दोपहर शॉर्ट-सर्किट से एक घर में आग लग गई। जिसके बाद आग नौ घरों तक फैल गई। आग की लपटें और लोगों की शोर सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और निजी पंप से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल था। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने सरायगंज पुलिस को दी। जिसके बाद दमकल को घटनास्थल पर भेजा गया। निजी पंप सेट और दमकल की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। अगलगी में करीब 20 लाख रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
आग महेश ठाकुर के घर में लगी थी जिसकी चपेट में नौ घर आ गए। अग्निपीड़ितों में अमरजीत ठाकुर, संजय कुमार ठाकुर, ललित कुमार ठाकुर, अनिल कुमार ठाकुर, पंचानन ठाकुर, दुर्गा नंद ठाकुर और केशव ठाकुर शामिल हैं। इनके घरों में बर्तन, कपड़े, गहनें, नगद समेत अन्य कीमती समान जल गए। वहीं, दस दिन बाद अग्निपीड़ित अमरजीत ठाकुर की बेटी की शादी थी। शादी के लिए खरीदे गए सभी समान जल गए। घटना की जांच रिपोर्ट सीओ को उपलब्ध करा दी गई है। सीओ पंकज कुमार झा ने कहा कि सभी अग्निपीड़ितों को सरकारी सहायता मुहैया करा दी जाएगी।
Leave a Reply